तिसरी : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती 2 अक्टूबर को मनाई जाएगी। गांधी जयंती को लेकर जहां देशभर में तैयारियां चल रही हैं, वहीं तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में बापू की प्रतिमा के आसपास की बदहाल तस्वीर सामने आई है।
देर शाम तक नहीं हुई थी सफाई
गांधी जयंती से ठीक एक दिन पहले गुरुवार की देर शाम तक स्मारक परिसर की साफ-सफाई नहीं कराई गई थी।प्रतिमा के आसपास झाड़ियां, गंदगी और धूल-धक्कड़ नजर आ रही है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर स्मारक की यह स्थिति स्थानीय व्यवस्था और स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गांधी जयंती के दिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचेंगे और फूल चढ़ाए जाएंगे, लेकिन उससे पहले स्मारक परिसर की सफाई तक नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने कहा कि राष्ट्रपिता को केवल एक दिन याद करने के बजाय उनके स्मारक की नियमित देखरेख भी होनी चाहिए।वर्ष 1998-99 में निर्मित यह गांधी स्मारक तिसरी के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसके बावजूद गांधी जयंती की पूर्व संध्या तक परिसर की सफाई और रंग-रोगन नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
गांधी स्मारक का तिसरी के लिए ऐतिहासिक महत्व
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांधी जयंती समारोह से पहले स्मारक परिसर की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए और बापू की प्रतिमा के आसपास सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।





