गिरिडीह : जमुआ प्रखंड की नवडीहा पंचायत के मुखिया विनोद साव की लगातार अनुपस्थिति के बीच प्रशासन ने पंचायत के कामकाज को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ने आदेश जारी कर मुखिया की शक्तियां और जिम्मेदारियां उप मुखिया को सौंप दी हैं।
दरअसल, विनोद साव की गिरफ्तारी के बाद जेल भेजे जाने से पहले चिकित्सकीय जांच कराई जा रही थी। इसी दौरान 3 सितंबर 2026 को वह अस्पताल से फरार हो गया था। इसके बाद मामले में गिरिडीह टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
आदेश में जमुआ थाना कांड संख्या 0218/2026 से संबंधित मामले का भी उल्लेख किया गया है। मुखिया की लगातार अनुपस्थिति के कारण नवडीहा पंचायत के नियमित कामकाज में परेशानी न हो, इसे देखते हुए प्रशासन ने पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार अब नवडीहा पंचायत के उप मुखिया मुखिया की शक्तियों का प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही पंचायत के कार्यों का निष्पादन और मुखिया से संबंधित कर्तव्यों का निर्वहन भी उप मुखिया द्वारा किया जाएगा।







