आत्महत्या का रूप देने की रची साजिश, मृतका के मोबाइल से भेजा फर्जी मैसेज; आरोपी प्रेमी और उसकी पत्नी गिरफ्तार
गिरिडीह : जिले के बगोदर में युवती की ‘मौ’त के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 20 सितंबर को गोमो रेलखंड अंतर्गत चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली युवती की लाश आत्महत्या या हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला निकला। पुलिस के अनुसार, प्रेमिका के खर्च मांगने से तंग आकर प्रेमी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया, ताकि पूरी घटना आत्महत्या जैसी लगे।
आरोपी प्रेमी और उसकी पत्नी गिरफ्तार
मामले का खुलासा बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रेमी विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक समेत अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
चिचाकी रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव
20 सितंबर को गोमो रेलखंड अंतर्गत चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव मिला था। इस संबंध में रेलवे थाना गोमो में यूडी केस दर्ज किया गया था।
सोशल मीडिया से परिजनों को मिली जानकारी
मृतका की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन बगोदर थाना पहुंचे और युवती की ‘मौ’त पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की।
एसपी के निर्देश पर बगोदर थाना पहुंचा मामला
परिजनों के संदेह और शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर मामले को जीरो एफआईआर के तहत बगोदर थाना लाया गया। बगोदर थाना में कांड संख्या 205/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया। जांच की जिम्मेदारी टीम को दी गई और पुलिस ने युवती की ‘मौ’त से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू की।
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया कि चिचाकी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर काम करने वाले विनोद मंडल का मृतका के साथ करीब दो से चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती बगोदर में रहकर पढ़ाई करती थी और पुलिस के अनुसार उसके पढ़ाई समेत अन्य खर्चों को विनोद मंडल उठाता था।
खर्च और एडमिशन के लिए मांग रही थी पैसे
पुलिस के अनुसार, युवती आगे की पढ़ाई के लिए आंध्र प्रदेश में एडमिशन लेना चाहती थी। इसके लिए वह विनोद मंडल से एडमिशन और अन्य खर्चों के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग कर रही थी।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि खर्च और पैसों की मांग से वह परेशान था। इसी के बाद उसने युवती की हत्या की साजिश रची।
बुलाकर घर ले गया, फिर गला दबाकर हत्या का आरोप
जांच के अनुसार, 19 सितंबर को विनोद मंडल ने युवती को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे बाइक से अपने घर ले गया।घर में ही विनोद मंडल ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी।
पत्नी के साथ मिलकर शव को बोरे में भरा
हत्या के बाद आरोपियों ने पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए मृतका के मोबाइल से विनोद मंडल के मोबाइल पर मैसेज भेजा गया।मैसेज में ऐसा दिखाने की कोशिश की गई कि युवती बहुत दूर जा रही है और अब कभी वापस नहीं आएगी।
मोबाइल और पर्स को ट्रेन में डालने का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतका के पर्स और मोबाइल को दूसरे ट्रेन में डाल दिया गया था। पुलिस के अनुसार, ऐसा जांच को गुमराह करने और घटना को हादसा या आत्महत्या दिखाने के लिए किया गया।
एसआईटी की जांच में खुली पूरी कहानी
मामले की जांच के दौरान एसआईटी ने प्रेम संबंध, पैसों की मांग, युवती की आखिरी गतिविधियों और शव को रेलवे ट्रैक तक पहुंचाने से जुड़े पहलुओं की जांच की।
पुलिस के अनुसार, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार किया गया।
बाइक समेत अन्य साक्ष्य जब्त
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







