मुख्य अभियुक्त सतीश यादव और उसका सहयोगी अनुज कुमार यादव गिरफ्तार
गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में हुए रितिक यादव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त सतीश यादव और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य 5 आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
चाउमिन दुकान पर हुआ था टकराव
पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, वारदात की शुरुआत चाउमिन दुकान पर हुए टकराव से हुई थी। यहां ऋतिक यादव और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सतीश यादव अपने घर नावाडीह, पीरटांड़ चला गया।
साथियों को लेकर वापस दुकान पहुंचा सतीश
पुलिस जांच के अनुसार, इसके बाद सतीश यादव अपने साथियों को लेकर वापस चाउमिन दुकान पहुंचा। हालांकि, तब तक ऋतिक वहां से निकल चुका था। इसके बाद सतीश और उसके साथी ऋतिक की तलाश में आगे बढ़े।
300 मीटर आगे ऋतिक को घेरकर हमला
चाउमिन दुकान से करीब 300 मीटर आगे बंदरकुप्पी में ऋतिक यादव को घेर लिया गया। इसके बाद उस पर बांस की लाठी और पेड़ की डाल से हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, पीट-पीटकर ऋतिक यादव की मौ’त कर दी गई।
आपसी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की जांच में वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। करीब 6 महीने पहले ऋतिक यादव के भाई और सबीर के बीच विवाद हुआ था।
सबीर, सतीश के साथी अमन का भाई है। वहीं, अमन और सतीश दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। इसी पुराने विवाद की वजह से सतीश की इस मामले में एंट्री हुई।
हालांकि, करीब 6 महीने पहले हुए विवाद को उस समय दोनों पक्षों ने आपस में सुलझा लिया था।
बिना नंबर की रेनॉल्ट कार से पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली सफेद रेनॉल्ट कार और बाइक से बंदरकुप्पी पहुंचे थे।
अब तक की पुलिस जांच में कुल 7 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें सतीश यादव समेत 5 लोग कार से पहुंचे थे। वहीं, 2 अन्य आरोपी बाइक से पहुंचे थे।
एसआईटी ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
एसआईटी में मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और स्पेशल सेल के मणिकांत शामिल हैं।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मुख्य अभियुक्त सतीश यादव और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
रेनॉल्ट कार समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली रेनॉल्ट कार जब्त की है।
इसके अलावा घटनास्थल से रक्त के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाल और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई हैं।
अन्य 5 आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, गिरफ्तार सतीश यादव और अनुज कुमार यादव को न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है। जांच आगे बढ़ने के साथ आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है और अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।





