गिरिडीह : बेंगाबाद थाना क्षेत्र के परसन गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ’त का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बैजंती देवी के रूप में हुई है। घटना 27 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।
मृतका के पति किशोर महतो ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, घटना के समय बैजंती देवी घर पर थीं। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और कथित रूप से रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।
पति ने अपने पिता, मां, मझले भाई और उनकी पत्नी तथा छोटे भाई और उनकी पत्नी पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद किशोर महतो मौके पर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी मृत अवस्था में मिलीं।
पहले से चल रहा था पारिवारिक विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घर में पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर घटना से करीब दो दिन पहले स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई थी। पंचायत में विवाद को लेकर बातचीत की गई थी।
हालांकि, पंचायत के बाद दोबारा विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और महिला की मौ’त कैसे हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार
आवेदन के अनुसार, घटना के बाद पति द्वारा आरोप लगाए गए सभी लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पति ने आशंका जताई है कि घटना से जुड़े साक्ष्यों को प्रभावित या नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है।
उन्होंने पुलिस से घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कराने, वैज्ञानिक तरीके से जांच करने, साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पर बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह सदलबल परसन गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। महिला की मौ’त के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पति की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।





