गिरिडीह : बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौ’त हो गई। महुआर गांव में तालाब में डूबने के बाद बच्चे को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक महुआर गांव निवासी तनवीर अंसारी के पांच वर्षीय पुत्र कुर्बान अंसारी था।
तालाब के पास पड़ा दिखा बच्चा
जानकारी के अनुसार, तनवीर अंसारी के घर के समीप एक तालाब है। गुरुवार दोपहर कुछ लोगों की नजर तालाब के पानी में पड़े बच्चे पर गई। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को पानी से बाहर निकाला।
पहले बेंगाबाद स्वास्थ्य केंद्र, फिर सदर अस्पताल रेफर
तालाब से निकालने के बाद परिजन बच्चे को लेकर बेंगाबाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से घर में मचा कोहराम
बच्चे की मौ’त की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है। बताया गया कि बाद में परिजन बच्चे के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ घर ले गए।





