गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र की औरा पंचायत स्थित दामा गांव में तीन दिनों से लापता बलदेव रजक के 35 वर्षीय पुत्र रंजीत रजक का शव कुएं से बरामद हुआ है। शव मिलने की जानकारी सामने आते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तलाश में जुटे थे परिजन
बताया गया कि रंजीत रजक पिछले तीन दिनों से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक कुएं में रंजीत का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना बगोदर पुलिस को दी।
ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव
सूचना मिलते ही बगोदर थाना के एएसआई तौफीक आलम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रंजीत की ‘मौ’त किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ‘मौ’त के कारणों का पता चल सकेगा।
रंजीत का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद दामा गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।





