गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गुरुवार को सड़क हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा गैडा पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना में बुलेट सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि गैस टैंकरलॉरी का चालक भी चोटिल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के किरतोडीह निवासी वर्षीय मुताबिर अंसारी अपनी वर्षीय मां सैलून खातून के साथ बुलेट से बगोदर से अटका की ओर जा रहे थे। गैडा पेट्रोल पंप के पास बुलेट सवार दूसरी ओर स्थित पेट्रोल पंप की तरफ जाने के लिए जीटी रोड पार कर रहे थे।
इसी दौरान अटका की ओर से आ रही गैस टैंकरलॉरी की चपेट में बुलेट आ गई। टक्कर के बाद बुलेट टैंकरलॉरी के नीचे जा घुसी। हादसे में मुताबिर अंसारी और उनकी मां सैलून खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टैंकरलॉरी चालक बिहार के डेहरी निवासी भगवान सिंह भी घायल हो गया।
पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल भेजा
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए बगोदर अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद जीटी रोड पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।





