गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर जेवरात समेत अन्य सामान की चोरी कर ली। घटना बगोदर-सरिया रोड स्थित नहर के पास की है। चोरी की घटना मंगलवार की अहले सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच बताई जा रही है।
बाउंड्री पार कर घर में घुसे चोर
बताया जाता है कि चोर घर की बाउंड्री पार कर गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दो कमरों में रखी दो अलमीरा के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे सामान को खंगाला।
अलमीरा से जेवरात समेत सामान गायब
चोर अलमीरा में रखे जेवरात समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला। तस्वीरों में भी घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है।
डेढ़ माह से मुंबई में रह रहे हैं गृहस्वामी
गृहस्वामी शंकर कुमार राय पिछले करीब एक से डेढ़ माह से मुंबई में अपने बेटे के पास रह रहे हैं। घर की देखरेख उनके रिश्तेदार रंजीत राय कर रहे थे।
सुबह घर पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी
रंजीत राय के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने शंकर कुमार राय के घर का गेट बंद किया था। करीब नौ बजे उनका बेटा घर पहुंचा तो कमरे के अंदर सामान बिखरा हुआ था। दोनों अलमीरा के ताले टूटे मिले, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
चोरी में कितने रुपये के जेवरात और अन्य सामान गए हैं, इसका फिलहाल सही आकलन नहीं हो पाया है। गृहस्वामी के मुंबई से लौटने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी।





