
गावां : गावां थाना क्षेत्र के बगदेडीह में शनिवार को एक मालवाहक मैजिक वाहन ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में ऑटो पर सवार एक महिला समेत चार लोग जख्मी हो गए। बताया जाता है कि पाछियारीडीह निवासी सहदेव यादव, उर्मिला देवी, सीताराम मुसहर, नकुल रविदास समेत छह लोग खोरीमहुआ से ऑटो पर सवार अपने घर पाछियारीडीह वापस लौट रहे थे। तभी इसी दौरान बगदेडीह मोड़ के पास डोरंडा से तेज रफ्तार में आ रही एक मालवाहक मैजिक वाहन ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

विज्ञापन
घटना में उर्मिला देवी व सहदेव यादव समेत चारों लोग घायल हो गए। जिसे 108 एम्बुलेंस के सहयोग से गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महिला उर्मिला देवी और सहदेव यादव को सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया। आयुष चिकित्सक डॉ काजिम खान ने बताया कि महिला के सर पर गंभीर चोटें आई है और उनका कान भी कट गया है। जबकि सहदेव यादव के पैर का कई हिस्सा कट गया है। इधर, मौके पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को जब्त कर थाना ले गयी।