गिरिडीह : नगर निगम में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब नगर निगम के सामुदायिक भवन की जमीन पर ही कथित तौर पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। मामला नगर निगम के वार्ड नंबर 6 का है, जहां सामुदायिक भवन जिस जमीन पर बना है, उसका खाता नंबर 45 और प्लॉट नंबर 321 बताया जा रहा है।
आरोप है कि भू-माफियाओं द्वारा इस जमीन की रजिस्ट्री कराने की कोशिश की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस जमीन पर नगर निगम का सामुदायिक भवन मौजूद है, उसी जमीन के नाम पर कथित भू-माफियाओं के पक्ष में नगर निगम से होल्डिंग या राजस्व रसीद भी काटे जाने की बात सामने आई है।
मामले को लेकर एक ग्रामीण ने रजिस्ट्रार के समक्ष आवेदन दिया था। इसके बाद रजिस्ट्रार की ओर से स्थल जांच कराई गई। आवेदनकर्ता का दावा है कि जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद फिलहाल जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई है।
लेकिन अब आरोप है कि भू-माफिया हाई कोर्ट का डर दिखाकर रजिस्ट्रार पर रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जमीन पर नगर निगम का सामुदायिक भवन बना है, जब शिकायत की जांच भी हो चुकी है, तो आखिर नगर निगम इस पूरे मामले में बेफिक्र क्यों है?
जनता की जमीन पर आखिर किसका अधिकार? नगर निगम जवाब दे, और प्रशासन कथित भू-माफियाओं के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करे।







