गिरिडीह : जमुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात चोरों ने बाराटांड़ और बाटी गांव में कई घरों को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में चोर कहीं खिड़की तोड़कर घर में घुसे तो कहीं ताला तोड़कर चोरी की। इस दौरान नगदी, जेवरात और अन्य सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति लेकर चोर फरार हो गए। बुधवार सुबह घरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर लोगों को घटना की जानकारी हुई।
शादी के लिए रखे थे जेवर, चोर ले गए
बाराटांड़ निवासी डॉ. वासुदेव महतो के घर में चोर खिड़की तोड़कर दाखिल हुए। घर से कीमती कपड़े, पांच हजार रुपये नगद और बक्से में रखे करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए गए। परिजनों के अनुसार, ये जेवर बेटी की शादी के लिए जोड़कर रखे गए थे। चोरी के बाद परिवार के लोग सकते में हैं।
निर्माणाधीन मकान से 300 फीट पाइप चोरी
बाटी गांव निवासी सिकेंद्र वर्मा के निर्माणाधीन मकान को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। वहां से काम में इस्तेमाल होने वाला ड्रम और मोटर में लगा करीब 300 फीट पाइप चोरी कर लिया गया।
2 अन्य घरों में भी ताला तोड़कर चोरी
रामदेव महतो के घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये मूल्य की सामग्री ले गए। वहीं, कन्हैया दास के घर का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया गया। इस तरह एक ही रात में चार अलग-अलग घरों या परिसरों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
सुबह टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर चला पता
चोरी की घटनाओं का खुलासा बुधवार सुबह हुआ। परिजनों और आसपास के लोगों ने जब घरों के टूटे ताले और अंदर बिखरा सामान देखा तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने जमुआ थाना पुलिस को सूचना दी।
लगातार चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
एक ही रात कई घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद बाराटांड़ और बाटी गांव के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। मुखिया शकुंतला देवी, समाजसेवी लक्ष्मण महतो समेत ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
जमुआ थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।





