गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने के मामले सामने आए। दूधपनिया गांव के एक डोभा से 62 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जबकि कबरीबाद की बंद माइंस में पानी से 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतकों के परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में किसी पर संदेह नहीं जताया है।
दूधपनिया में डोभा से बरामद हुआ शव
दूधपनिया गांव के एक डोभा में रविवार को लोगों ने पानी में शव देखा। इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में उसकी पहचान बैरगी निवासी 62 वर्षीय जगन्नाथ महतो के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।
दो दिन से घर से बाहर थे जगन्नाथ महतो
परिजनों के अनुसार जगन्नाथ महतो 25 सितंबर की शाम करीब छह बजे घर से निकले थे। वह पहले भी कभी-कभी बिना बताए घर से चले जाते थे और कुछ समय बाद लौट आते थे। इस बार वापस नहीं आने पर परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
27 सितंबर को दूधपनिया के डोभा में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के बेटे बबलू कुमार वर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं होने की बात कही है।
कबरीबाद की बंद माइंस में मिला दूसरा शव
मुफस्सिल थाना क्षेत्र की ही दूसरी घटना कबरीबाद की बंद माइंस की है। यहां पानी के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक की पहचान खनडीहा निवासी 40 वर्षीय तुलो दास के रूप में हुई।
सुबह घर से निकला था तुलो दास
मृतक के बेटे मनीष कुमार दास के अनुसार तुलो दास 27 सितंबर की सुबह करीब 5.30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिवार के लोग कबरीबाद की बंद माइंस के पास पहुंचे। वहां पानी में तुलो दास का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता लंबे समय से मिर्गी से पीड़ित थे। आवेदन में किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया गया है।
मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों घटनाओं में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतकों के परिजनों से मिली जानकारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।





