50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है रफ्तार
गिरिडीह। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम केंद्र रांची और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है। राजधानी रांची के लिए भी 25 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को भी झारखंड में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 26 और 27 सितंबर के लिए राज्य स्तर पर गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और वज्रपात की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।





