देवरी : थाना क्षेत्र के नायकडीह के पास चतरो-गावां मुख्य मार्ग पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मंदिर में पूजा करने के बाद पैदल घर लौट रही 50 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही ‘मौ’त हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
पैदल लौट रही थीं महिला
मृतका की पहचान नावाडीह के बरजोडीह गांव निवासी रूपलाल चौधरी की पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि मंजू देवी सोमवार को मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान नायकडीह के पास पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक की टक्कर से मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
आक्रोशित हुए ग्रामीण
हादसे की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने नायकडीह के पास चतरो-गावां मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
थाना प्रभारी ने समझाकर हटवाया जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। जाम हटने के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
हादसे के बाद गांव में मातम
मंजू देवी की ‘मौ’त की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।





