गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौ’त हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोडरमा-कोवाड़-भरकट्टा मुख्य मार्ग पर गारागुरो के समीप हुआ।बताया गया कि छोटेलाल यादव अपने जीजा के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां छोटेलाल यादव की मौ’त हो गई।
घटना के बाद शनिवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। लोगों ने छोटेलाल यादव के श’व को कोवाड़-भरकट्टा मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और घायल जीजा के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे हैं।
बताया गया कि छोटेलाल यादव के पिता का श्राद्ध कर्म चल रहा था। इसी दौरान वह अपने जीजा के साथ कुछ सामान फेंकने के लिए बाहर गया था। सामान छोड़कर दोनों पैदल घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क जाम की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।





