गिरिडीह : जिले के सरिया-बिरनी मुख्य पथ पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। निमाटांड़ के पास ट्रेलर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर कार को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौ’त हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
निमाटांड़ के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
बताया जाता है कि सरिया-बिरनी मुख्य पथ पर निमाटांड़ के समीप कार और ट्रेलर की टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर कार को करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता हुआ सरिया से बिरनी की ओर ले गया।
पुलिस ने कार से घायलों को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही बिरनी और सरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से सवार लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
एक की हो चुकी थी मौ’त
बगोदर ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृ’त घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया।
गोरहन गांव के रहने वाले हैं मृ’तक और घायल
मृ’तक की पहचान राजधनवार थाना क्षेत्र के गोरहन गांव निवासी महेश यादव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल बंटी यादव और भूनेश्वर यादव भी इसी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।







