गिरिडीह : गांडेय–गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रकसकुटो गांव के पास मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। करमा पूजा देखकर घर लौट रहे चार वर्षीय हिमांशु कुमार को सड़क पार करने के दौरान एक पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौ’त हो गई।
हिमांशु कुमार दिनेश मंडल का पुत्र था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार और सीपीआर दिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे गिरिडीह रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





