
तिसरी : थाना क्षेत्र के खोंटों में रविवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक राहगीर की मौत हो गई। मौके पर मृतक की पहचान तिसरी के चकलमुंडा निवासी बढ़ा मरांडी के पुत्र लखन मरांडी के रूप में की गई।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि लखन मरांडी खोंटों से अपने घर चकलमुंडा की ओर आ रहा था तभी खोंटों पुल के समीप किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रक्तस्त्राव से पूरा सड़क लाल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी 108 एम्बुलेंस सेवा और तिसरी पुलिस को दी। जिसके बाद एएसआई संजय टुडू दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल लखन मरांडी को 108 एम्बुलेंस सेवा द्वारा राजकीय अस्पताल तिसरी लाया। इस दौरान प्राथमिक उपचार के बाद सिर पर गंभीर चोट और अधिक रक्तस्त्राव को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए उसे गिरिडीह रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन
मृतक के पुत्र ने बताया कि लखन मरांडी जरमुंडी मिशन में दरबानी का काम करता था। दो दिन पूर्व ही वह अपने घर आया था, रविवार की शाम खिजूरी की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसी बीच हादसे का शिकार हो गया।