गिरिडीह : मोबाइल फोन खोने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 105 लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। गिरिडीह पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए बरामद किए गए मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए। पुलिस लाइन स्थित मल्टी पर्पज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस किए गए।इन मोबाइलों की कहानी भी अलग-अलग है। किसी का फोन कुछ महीने पहले गायब हुआ था तो किसी का मोबाइल वर्षों से लापता था। पुलिस की तकनीकी टीम ने मोबाइल की लोकेशन और उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर लगातार काम किया और अलग-अलग जगहों से फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को वापस किए गए कुछ मोबाइल छह महीने से लेकर चार साल पुराने मामलों से जुड़े थे। यानी जिन लोगों ने लंबे समय पहले अपना फोन खो दिया था, उनके लिए मोबाइल की वापसी किसी उम्मीद के लौटने से कम नहीं रही।
अब तक एक हजार से ज्यादा मोबाइल बरामद
गिरिडीह पुलिस के ‘आपके मोबाइल आपके पास’ अभियान के तहत अब तक एक हजार से अधिक खोए या चोरी हुए मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। शुक्रवार को 105 मोबाइल की वापसी के साथ इस अभियान के तहत बरामदगी का सिलसिला आगे बढ़ा।
मोबाइल वापस मिलने के बाद कई धारकों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। राजकमल महतो, मनोज कुमार गुप्ता, विवेक कुमार भदानी और राहुल कुमार पासवान ने भी मोबाइल मिलने पर खुशी जाहिर की। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि मोबाइल बरामदगी के इस अभियान से ऐसे लोगों को भी राहत मिल रही है, जिनके लिए नया मोबाइल खरीदना आसान नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। शुरुआती स्तर पर जानकारी मिलने से मोबाइल को तकनीकी माध्यम से ट्रेस करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी-2 आरके राणा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और मोबाइल वापस पाने वाले लोग मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि मोबाइल बरामदगी के लिए तकनीकी टीम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





