भोगनाडीह विवाद पर JMM का भाजपा पर तीखा वार, गिरिडीह में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, फूंका भाजपा का पुतला

गिरिडीह : साहेबगंज के भोगनाडीह में हुल दिवस कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भाजपा पर सीधा हमला बोला है। गुरुवार को गिरिडीह में पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर घटना को भाजपा की सोची-समझी साजिश करार दिया और कहा कि इतिहास और शहीदों का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा झारखंड के स्वाभिमान और अस्मिता पर चोट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुल दिवस जैसे ऐतिहासिक दिन पर माहौल खराब करने की साजिश रची गई ताकि आदिवासी अस्मिता को कमजोर किया जा सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गैरहाजिरी को लेकर विपक्ष के आरोपों पर संजय सिंह ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपने गुरुजी की तबीयत खराब होने के कारण दिल्ली में थे और भाजपा इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देकर ओछी राजनीति कर रही है।
प्रेसवार्ता के बाद JMM नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता जेपी चौक पहुंचे और भाजपा का पुतला फूंका। इस दौरान “भाजपा मुर्दाबाद” और “हुल दिवस के अपमान का बदला लेगा झारखंड” जैसे गगनभेदी नारे गूंजते रहे। नेताओं ने कहा कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो JMM राज्यभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।