जोरावर सिंह सलूजा ने बोर्ड परीक्षार्थियों को दिए टिप्स, कहा बिना स्ट्रेस दें परीक्षा, सबसे पहले आसान सवालों को करें हल

डेस्क : आगामी 15 फरवरी से सीबीएसई कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं, ऐसे में विद्यार्थियों को बिना किसी तनाव के पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसी को लेकर जोरावर सिंह सलूजा ने छात्रों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया है।
Saluja Gold International School के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने बताया कि गणित और विज्ञान ऐसे विषय हैं, जिनमें यदि छात्रों की अवधारणाएं स्पष्ट हों तो अच्छे अंक प्राप्त करना आसान हो जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपने सब्जेक्ट नोट्स को आधार बनाकर नियमित रूप से रिवीजन करें।

उन्होंने कहा कि विज्ञान रटने का विषय नहीं है, बल्कि हर टॉपिक के पीछे एक ठोस लॉजिक होता है। उस लॉजिक को समझने का प्रयास करने से विषय सरल हो जाता है। गणित के लिए उन्होंने प्रतिदिन 1 से 2 घंटे अभ्यास करने की सलाह दी, जबकि विज्ञान में आरेखों और फॉर्मूलों को लिखकर याद करने पर विशेष जोर दिया।

विज्ञापन
जोरावर सिंह सलूजा ने यह भी कहा कि परीक्षा में कई प्रश्न पिछले वर्षों की परीक्षाओं से दोहराए जाते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को पिछले 10 वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करने का अभ्यास अवश्य करना चाहिए। साथ ही टाइमर लगाकर मॉक टेस्ट देने से समय प्रबंधन बेहतर होता है।
उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन 2 से 3 घंटे पढ़ाई करने और कठिन टॉपिक्स जैसे ट्रिग्नोमेट्री और ज्योमेट्री पर विशेष ध्यान देने की बात कही। विज्ञान में बायोलॉजी और फिजिक्स के महत्वपूर्ण डायग्राम—जैसे मानव हृदय, लेंस और विद्युत परिपथ—का अभ्यास करने से अंक बेहतर मिलते हैं।
इसके अलावा उत्तर लिखते समय तकनीकी शब्दों और कीवर्ड्स को रेखांकित करने तथा केमिस्ट्री में रासायनिक अभिक्रियाओं को बार-बार लिखकर अभ्यास करने की सलाह दी गई। परीक्षा में पहले आसान प्रश्न हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे के प्रश्नों को हल करना आसान होता है।
अंत में उन्होंने कहा कि आरडी शर्मा, ऑल इन वन, एग्जाम आइडिया जैसी संदर्भ पुस्तकों के हल किए गए उदाहरण देखकर भी तैयारी को मजबूत किया जा सकता है। सही रणनीति, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।


---------------------
विज्ञापन
---------------------
---------------------
विज्ञापन
---------------------
