
डेस्क : झारखंड में झुलसाती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 15 से 17 जून के बीच झारखंड पहुंच सकता है।

विज्ञापन
राज्य के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे जिलों में अभी तापमान 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। उमस और गर्म हवा के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ आंधी और बारिश की संभावना है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की सामान्य आगमन तिथि 15 जून मानी जाती है, और इस बार भी यह लगभग उसी समय झारखंड पहुंचेगा। 17 जून के बाद पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो सकता है।
गौरतलब है कि मानसून के पहुंचने से खेतों की जुताई शुरू होगी और किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।