
तिसरी : प्रखंड के सिंघो गांव में सोमवार को मधुमक्खी के हमले में एक किशोर की मौत हो गई। वहीं एक ही परिवार के 4 लोग घायल हो गए। मृतक कौलेश्वर तुरी का पुत्र विशाल कुमार था।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक विशाल अपने भाई सूरज, बहन आरती के साथ गांव के बगल में बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह नीम पेड़ पर चढ़ गया। वहीं उसके भाई बहन पेड़ के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान पेड़ पर स्थित मधुमक्खी के छत्ते में पत्थर लग गई। जिसके बाद मधुमक्खियों की झुंड ने पेड़ पर चढ़े विशाल पर हमला बोल दिया। इसी दौरान पेड़ से उतरने के क्रम में वह नीचे गिर गया। जिसके बाद मधुमक्खियां उससे चिपक गयी। वहीं उसके भाई बहन भी मधुमक्खियों के निशाने में आगए। किसी तरह दोनों भाई बहन वहां से भागे चिल्लाने की आवाज पर पिता और मां बेटे विशाल को घर लेकर आए इस दौरान मधुमक्खियों ने उन्हें भी काट लिया।

विज्ञापन
उसके बाद विशाल व उसके भाई बहनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को तिसरी अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ ज्ञानेंद्र कुमार ने विशाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर गिरिडीह के लिए निकले तबतक रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। पीड़ित परिवार काफी गरीब है और ढिबरा चुनकर भरण पोषण करता है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।