
भाजपा नेताओं ने अम्बेडकर चौक पर दिया धरना
गिरिडीह : झारखंड सरकार के द्वारा असंवैधानिक तुष्टिकरण और विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो के द्वारा बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता ना देने के विरोध में भाजपा के द्वारा गिरिडीह के अम्बेडकर चौक पर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे के नेतृत्व में एकदिवसीय धरना दिया गया। इस दौरान भाजापा नेताओं ने सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी भी की।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुऐ भाजपा के नेताओं ने कहा कि सरकार की असंवैधानिक निर्णयों, पद की गरिमा का दुरुपयोग एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा समुदाय विशेष की तुष्टिकरण हेतु 81 में से केवल 4 अल्पसंख्यक विधायकों के लिए विधानसभा भवन का कमरा नमाज़ अदा करने के लिए आवंटित किया गया जो ना केवल असंवैधानिक है, बल्कि एक नई परंपरा की शुरुआत की जा रही है। साथ ही, 77 विधायकों के धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ भी किया जा रहा है।

विज्ञापन
कहा कि विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो भाजपा विधायक दल के नेता सह झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता ना देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने पद की गरिमा पर कुठाराघात किया है।
एकदिवसीय कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुरेश साव, चुन्नू कांत, सुभाष चन्द्र सिन्हा, यदुनंदन पाठक, दिनेश यादव, महेन्द्र वर्मा, संजय सिंह, नवीन सिन्हा, निर्भय सिंह, विनय सिंह, सुनील पासवान, विनीता कुमारी, सोनू एजाज, दिलीप वर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।