
गिरिडीह : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरोडीह में मंगलवार को हृदय विदारक घटना घट गई। यहां नदी में नहाने गए 3 बच्चियों व एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौक़े पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। मृतकों में मदन सिंह की 10 वर्षीय पुत्री सुहाना कुमारी, टिंकू सिंह की पुत्री सोनाक्षी कुमारी, श्याम सिंह की नतिनी दीक्षा कुमारी और महेश सिंह का 12 साल का पुत्र मुन्ना कुमार था।

विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार महापर्व छठ के मौके पर सुबह करीब 11.30 बजे कुछ महिलाएं नदी स्नान करने गई थी। इनके साथ कुछ बच्चियां व बच्चे भी नहाने पहुंचे थे। इस दौरान ये कब डूब गए किसी को भनक नहीं लगी। महिलाएं स्नान कर लौट आई और बच्चे की खोजबीन शुरू हुई तो हो-हल्ला शुरू हो गया। गांव के कुछ युवक दौड़ कर नदी पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की तो एक के बाद एक कर चारों को निकाल कर आनन-फानन में अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में कोहराम मच गया। महापर्व की खुशियां मातम और चीख में तब्दील हो गई। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह सदलबल गांव पहुंचे और घटना की जानकारी लिया।