सलूजा स्कूल के जपजीव का राष्ट्रीय पेंटाथलॉन में चयन, पूरे विद्यालय में खुशी की लहर

गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के सातवीं कक्षा के छात्र जपजीव सिंह सलूजा ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन आधुनिक पेंटाथलॉन नेशनल चैम्पियनशिप (बायएथल/ट्राएथल) 2025 में हुआ है, जो 5 से 7 अक्टूबर तक इंदौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता आधुनिक पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हो रही है।

देशभर के 22 राज्यों से 400 से अधिक एथलीट इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। झारखंड से रांची और जमशेदपुर के खिलाड़ी भी चयनित हुए हैं, लेकिन गिरिडीह जिले से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में जपजीव सिंह सलूजा ने जगह बनाई है। वे बायएथल श्रेणी में प्रतिभाग कर रहे हैं, जिसमें तैराकी और रनिंग शामिल हैं। इस श्रेणी के तहत उन्होंने 100 मीटर तैराकी और 400 मीटर रनिंग में भाग लिया है।

जपजीव के चयन से पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने उन्हें बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।

मॉडर्न पेंटाथलॉन विश्व के प्रतिष्ठित ओलंपिक खेलों में से एक है, जो खिलाड़ियों की बहुमुखी प्रतिभा, फुर्ती और मानसिक मजबूती की परीक्षा लेता है। इसमें पाँच विधाएँ शामिल होती हैं — फेंसिंग, तैराकी, घुड़सवारी, लेज़र रनिंग और शूटिंग। यह खेल 1912 से ओलंपिक का हिस्सा रहा है और एथलीटों के संपूर्ण विकास को दर्शाता है। जपजीव का यह चयन गिरिडीह क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।