गिरिडीह : डुमरी प्रखंड के बलथरिया पंचायत के सचिव सुखलाल महतो की रविवार को रिम्स, रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उन्होंने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। आरोप है कि पंचायत स्तर के अधिकारियों की प्रताड़ना और कार्य के दौरान लगातार हो रहे मानसिक दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है। शुक्रवार को ज़हर खाने के बाद सुखलाल महतो को गंभीर हालत में पहले धनबाद और फिर यहां से रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने इस मामले को गंभीरता से लिया और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय को पत्र लिखकर विभागीय जांच की मांग की थी। मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए गिरिडीह उपायुक्त को बेहतर इलाज और निष्पक्ष जांच का निर्देश दिया था।
डीसी रामनिवास यादव ने डुमरी एसडीओ के नेतृत्व में एक जांच कमिटी का गठन भी किया था। अब पंचायत सचिव की मौत के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांग है कि दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए।