गिरिडीह : जिले में एक बार फिर एक घूसखोर कर्मी को एसीबी की टीम ने रंगे हाथ घूस लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार घूसखोर कर्मी मनीष भारती है और वह गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय में बतौर लिपिक पदस्थापित है। मिली जानकारी के अनुसार म्यूटेशन के एक वाद के निपटारे के लिए लिपिक मनीष भारती इलाही मियां से घूस मांग रहा था। इस मामले की जानकारी इलाही मियां ने धनबाद एसीबी को दी। इसके बाद टीम ने शिकायत की जांच की और फिर सत्यता पाए जाने पर शुक्रवार को अचानक एसीबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घूस के दस हजार रुपए देते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान टीम कागजी प्रक्रिया कर लिपिक को अपने साथ ले गई है। वहीं कार्रवाई से अनुमंडल कार्यालय में हड़कंप है। बता दें कि एसीबी की कार्रवाई के बाद अधिकारियों को इसकी भनक लगी।