कमरे में मिला महिला का शव, दुष्कर्म कर हत्या की आशंका

गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित अमजो गांव में एक महिला का शव उसके कमरे में पाया गया है। मृतका 45 वर्षीय मसोमात सोमरी देवी थी। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म कर महिला की हत्या की गई है। घटना की सूचना पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह जब महिला के घर का दरबाजा नहीं खुला तो पड़ोसी महिला के घर पहुंचे जिसके बाद कमरे में उसका शव देखा गया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में महिला की गला दबाकर हत्या की आशंका है। शव और कपड़े की स्थिति देख अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या के पूर्व दुष्कर्म किया गया है।

गौरतलब है कि पड़ोसी संग विवाद में कुछ दिन पूर्व ही मृतका के पति अरुण दास की पिट पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस पदाधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से पर्दा उठ पायेगा। जांच की जा रही है।