रोगमुक्त के लिए मवेशियों को लगाई जा रही वैक्सीन, 28 फरवरी तक चलेगा अभियान

गावां : राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गावां प्रखंड में मादा मवेशियों (गाय-भैंस) का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। ब्रुसेलोसीस नामक यह टीका चार से आठ माह के मादा मवेशियों को लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य मनुष्य में इनसे होने वाली बीमारियों से रोकथाम के साथ-साथ मादा मवेशियों को गर्भपात से भी बचाना है।
गावां प्रखंड में पहली बार इस तरह का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 28 फरवरी तक चलाई जाएगी।

 

केंद्र सरकार के इस अभियान के तहत वैक्सीन के समुचित रखरखाव के लिए कोल्ड रूम भी दिया गया है। कर्मियों को सुरक्षा के लिए हर जरूरी व्यवस्था बहाल की गई है। इस संबंध में कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता राजू रजक ने बताया कि आम तौर पर दुधारू मवेशियों के लगातार संपर्क में रहने के कारण किसानों या पशुपालकों को कई तरह की बीमारियां इन पशुओं से हो रही थी। यहां तक कि पशु चिकित्सक भी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। खास तौर पर जोड़ों में दर्द, हाथ सीधा नहीं होना सहित कई बीमारियां से परेशानी होती है। यह समस्या मवेशियों के गर्भ के दौरान ज्यादा होती है। इन मादा पशुओं में गर्भपात की भी गंभीर समस्या होती है। वैक्सीन के रखरखाव की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि गाय या मादा भैंस में गर्भपात की समस्या गंभीर है, इस वैक्सीन से इन समस्याओं से राहत मिलेगी।