केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सरकार को हर मोर्चे पर बताया विफल

कहा जन आशीर्वाद यात्रा को देख घबरा गई है राज्य सरकार

गिरिडीह : जन आशीर्वाद यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार को कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी शुक्रवार को पत्रकारों से मुखातिब हुई। इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा से राज्य सरकार घबरा गई है। जगह- जगह यात्रा को विफल करने की कोशिश की गई। कार्यकर्त्ताओं को परेशान किया गया। मगर जिस प्रकार करीब साढ़े 4 सौ किलोमीटर की यात्रा के दौरान लगभग 2 सौ स्थानों पर हर वर्ग के लोगों ने स्वागत किया। उससे साफ है कि जनता राज्य सरकार से त्रस्त है। सरकार के पास राज्य को आगे ले जाने को लेकर कोई नीति नहीं है। कोरोना समेत हरेक मोर्चे पर राज्य की हेमंत सरकार विफल रही है।

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल में हर वर्ग को जगह दी है। वहीं अन्य मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से 11 भाषाओं में इंजीनियरिंग की पढ़ाई होगी। क्षेत्रीय भाषा में पढ़ाई से ड्रॉपआउट की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। कहा कि शिक्षा समवर्ती सूची में है। इसका अधिकांश भाग राज्य सरकार के अधिकार में आता है। इसलिए राज्य सरकार के साथ इन कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।