ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर मायके आई विवाहिता, फिर कुएं में कूद कर दे दी जान

गिरिडीह : पचंबा थाना क्षेत्र के सिकदारडीह में एक विवाहिता द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या कर लिए जाने का मामला सामने आया है। मृतका खुर्सीद शेख की 22 वर्षीय पुत्री फरीन परवीन थी।

घटना को लेकर पिता खुर्सीद शेख ने बताया कि मृतका का एक पुत्र और 6 माह की बच्ची है। वर्ष 2019 में उन्होंने बेटी की शादी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पूर्णानगर के साजिद शेख के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी पुत्री को सुसराल में प्रताड़ित किया जाता था। वो कुछ लेकर जाते थे तो खाने नहीं दिया जाता था। बेटी को सुसराल वाले पीटते थे। इसी बीच रविवार को भी सुसराल में पिटाई के बाद वापस मायके आ गई। इस दौरान वो अपनी बेटी को तो साथ ले आई, लेकिन ससुराल वालों ने बेटे को मायके लाने नहीं दिया। जिस कारण वो परेशान थी।

रविवार की रात खाना खाकर सभी सोने चले गए। इसके बाद उसने घर के पास स्थित कुएं में कूदकर जान दे दी। सुबह जब वह नहीं मिली परिजन ढूंढने लगे तो कुएं में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर घटना की सूचना पर माले नेता सह पूर्व मुखिया प्रतिनिधि ठाकुर दास मौके पर पहुंचे और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।