महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर जिलेभर में कार्यक्रम, बनाई गई मानव श्रृंखला

गिरिडीह : बगोदर के विधायक रहे कॉमरेड महेंद्र सिंह की 16 वीं पुण्यतिथि शनिवार को पूरे जिले में किसान आंदोलन के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर मनाई गई। बगोदर में महेंद्र सिंह के पैतृक गांव खंभरा स्थित उनके प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कॉमरेड महेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।

इसके बाद कॉमरेड महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर किसान आंदोलन के समर्थन में मानव श्रृंखला भी बनाई गई। बगोदर में मानव श्रृंखला में भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य स्वदेश भट्टाचार्य मुख्य रूप से शामिल हुए बगोदर में मानव श्रृंखला में विधायक विनोद कुमार सिंह, बिहार के घोसी विधायक रामबली सिंह यादव,जिला सचिव मनोज गुप्ता समेत हजारों भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर किसान आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया।

इधर जिला मुख्यालय में अंबेडकर चौक पर शहीद महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर बिहार के घोसी विधायक राम बली सिंह यादव के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाया गया। जिसमें भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य राजेश यादव विधानसभा प्रभारी, राजेश सिन्हा समेत सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।

शहीद महेंद्र सिंह के शहादत दिवस के मौके पर किसान आंदोलन के समर्थन में सरिया प्रखंड,गांवा प्रखंड,तीसरी प्रखंड,बेंगाबाद प्रखंड समेत सभी प्रखंडों में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने किसान आंदोलन के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर दमनकारी किसान कानून को वापस लेने की मांग की।