कुएं में मिला मां बच्चे का शव, हत्या का आरोप

देवरी : थाना क्षेत्र के देवरी गांव में रविवार की सुबह गायब मां बच्चे का शव कुएं से मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका 24 वर्षीय सोनी देवी और उसका 4 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार था। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम से दोनों गायब थे।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि प्रकाश यादव के परिवार के सदस्य जब कुएं से पानी लाने गए तो शव पर उनकी नजर पड़ी। इसके बाद हो हल्ला हुआ और काफी संख्या में लोग मौके पर जुटे। घटना को लेकर पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना पाकर देवरी थाना प्रभारी संगम पाठक सदलबल को लेकर मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। वहीं पंचनामा कर शव को कब्जे में पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना को लेकर मृतका के पिता ने जगदीश यादव ने हत्या की आशंका जताई है। पिता जगदीश यादव का कहना दस साल पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री सोनी देवी की शादी मंटू यादव के साथ की थी। शादी के बाद अक्सर दामाद मंटू बेटी के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करता था।आरोप लगाया कि हत्या कर उनकी बेटी व नाती का शव कुएं में डाला गया है।

घटना को लेकर देवरी थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।