उत्साह के साथ मनी होली, शहर से गांव तक रहा उल्लास का माहौल

गिरिडीह : रंगों का त्योहार होली पूरे जिलेभर में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई। होली को लेकर शहर से लेकर गांव तक उल्लास और जश्न का माहौल रहा। लोगों ने सभी गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और होली की बधाई दी। मौके पर युवाओं और बच्चों ने खूब मस्ती की। बुजुर्ग और महिलाएं भी इसमें पीछे नहीं रहीं। सभी ने उत्साह के साथ होली मनाई।

चौक-चौराहों में होली गीतों पर लोगों ने जमकर नृत्य भी किया। कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया। होली को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।