पुण्यतिथि पर गिरिडीह जिला कांग्रेस ने दी राजेंद्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि

गिरिडीह : पूर्व मंत्री व बेरमो विधायक रहे कांग्रेस नेता स्व राजेंद्र प्रसाद की पहली पुण्यतिथि पर गिरिडीह के कांग्रेसियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा टावर चौक में एक समारोह आयोजित कर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद जरूरतमंदों के बीच भोजन और मास्क वितरण किया गया।

मौके पर जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा स्वर्गीय राजेंद्र बाबू गरीब दलित पिछड़ों और मजदूरों के मसीहा थे जिन्होंने जनहित में कई कार्य किए।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सतीश केडिया ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र बाबू का गिरिडीह के प्रति विशेष लगाव रहा है। अपने मंत्रीत्व काल में इन्होंने गिरिडीह के लिए कई कार्य किए। गिरिडीह में बिजली से संबंधित कई समस्याओं को दूर किया। उनकी यादें हमेशा जीवित रहेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय सिन्हा ने कहा की स्वर्गीय राजेंद्र बाबू मजदूरों की आत्मा थे। जिन्होंने हर समय मजदूर और गरीबों के हित में लड़ाई लड़ी और कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया। पूरा कांग्रेस परिवार हमेशा इनका ऋणी रहेगा।

इस अवसर पर महमूद अली खान, संतोष राय, साकिब अहमद, मदन लाल विश्वकर्मा, सनी यादव, सुलेमान अख्तर, आलमगीर आलम, नागेश्वर दास समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।