उपायुक्त ने जमुआ और देवरी पैक्स का किया निरीक्षण

किसानों के बीच बीज वितरण के लिए अधिकारियों को दिया दिशा निर्देश
गिरिडीह :जिले के किसानों को धान का बीज स-समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा उचित प्रयास किए जा रहे हैं। इसी आलोक में शनिवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा के द्वारा चितरडीह जमुआ पैक्स व देवरी प्रखंड अंतर्गत घसकरीडीह पैक्स निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा संबंधित अधिकारियों को किसानों के बीच वितरण हेतु आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता है। जिले के किसानों के बीच पैक्स के माध्यम से बीज का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि जिन किसान भाइयों को बीज का वितरण हो चुका है वो बीछड़े लगाने का कार्य शुरू कर दें। साथ ही समयानुसार धान की रोपनी शुरू कर दें। इस वर्ष मौसम के दृष्टिकोण से बारिश ससमय हो रही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत रोपाई होगी। इसके अलावा उपायुक्त ने जमुआ प्रखंड के विभिन्न खेतों का निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। तथा जिन किसानों को बीज प्राप्त नहीं हुआ है, उन सभी किसानों को बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी पैक्स संचालकों को निर्देश दिया कि जैसे ही जिला द्वारा बीज प्राप्त होता है, वैसे ही किसानों को बीज उपलब्ध कराएं। ताकि किसान भाई स-समय बीछड़े लगाने का कार्य शुरू करें।

इसके अलावा उपायुक्त ने बेंगाबाद प्रखंड के मोतिलेदा पंचायत अंतर्गत विभिन्न खेतों का निरीक्षण किया। साथ ही भिंडी, मक्का, नेनुआ व अन्य सब्जी की खेती का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने किसानों से बात कर फसलों की जानकारी ली। तथा उनकी समस्यायों से अवगत हुए। किसान ने बताया कि बीज प्राप्त होने के बाद बीछड़ा लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही रोपनी भी शुरू की जाएगी।