गिरिडीह : जिले के जमुआ-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक उमेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कारोडीह कस्तूरबा विद्यालय के समीप रात लगभग 10 बजे हुआ, जब दोनों युवक पल्सर बाइक (JH 11AR 8795) से कहीं जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उमेश यादव को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उमेश कारोडीह गांव निवासी पूरण यादव का इकलौता पुत्र था। वहीं, घायल विकास यादव को स्थानीय लोगों की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस घटना के बाद कारोडीह गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।