तिसरी थाना के गम्हरिया टांड़ के पास हाईवा की चपेट में आने से दो बाइक सवार की हुई मौत, एक गंभीर रूप से हुआ घायल

गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी – खिजुरी मुख्य मार्ग पर गम्हरियाटांड स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के समीप रविवार की शाम अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से दो बाईक सवार की दर्दनाक मौत हो गई।जबकि एक बाईक सवार का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। तीनों बाइक सवार लोकाय थाना क्षेत्र के बरदौनी गांव के बताए जा रहे हैं। मृतक का नाम बुधन हेमब्रम पिता सोमरा हेमब्रम और तालो हेमब्रम पिता दुमका हेमब्रम है, जबकि राजेश मरांडी पिता बजल मरांडी घायल बताए जा रहें हैं।

 

 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीन युवक स्पलेंडर बाईक पर सवार होकर खिजुरी से तिसरी की ओर आ रहे थे। इसी क्रम में पेट्रोल पंप के समीप विपरीत दिशा से जा रहे एक हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे बुधन हेमब्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।जबकि राजेश मरांडी और तालो हेमब्रम गंभीर रूप से घायल होकर अचेता अवस्था में वहीं गिर पड़े। इस बीच हाईवा चालक उक्त वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
वहीं घटना के बाद स्थानीय मुखिया किशोरी साव समेत अन्य लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मुखिया किशोरी साव ने 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन करते हुए घटनाक्रम की जानकारी तिसरी थाने को दी। जिसके बाद एंबुलेंस से घायल दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी लाया गया जहां डॉक्टर जैनेंद्र और स्वास्थ्य कर्मी अनूप ने उनका प्राथमिक उपचार किया लेकिन स्थिति गंभीर रहने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया इसी बीच रास्ते में ही तालो हेमब्रम ने भी दम तोड़ दिया।