सरिया : गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र से एक बड़ी चोरी की खबर सामने आई है। यह घटना सरिया नगर पंचायत के ठाकुर बाड़ी टोला मोहल्ले की है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुर बाड़ी टोला निवासी पंकज कुमार पाण्डेय के घर में चोरों ने घुसकर अलमीरा में रखे गए करीब 60 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर चोर फरार हो गए। परिवार के सदस्यों को इस घटना की जानकारी तब हुई जब वे सुबह उठे और कमरों का सामान बिखरा देखा। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं और रात के समय पुलिस गश्ती न के बराबर होती है। जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों और संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।